कोरबा। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में 24 जनवरी 2026 राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले में विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) द्वारा टी.पी. नगर स्थित साडा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं बालको की शासकीय कन्या शाला में एनीमिया निवारण, विधिक साक्षरता और शासकीय योजनाओं पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को एनीमिया जैसे गंभीर स्वास्थ्य विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने एनीमिया के लक्षण, कारण और बचाव के उपाय बताते हुए संतुलित व पौष्टिक आहार, विटामिन-सी युक्त फलों के सेवन तथा फोलिक एसिड और कैल्शियम सप्लीमेंट के महत्व को समझाया। इसके साथ ही नियमित हीमोग्लोबिन जांच और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
नवा बिहान की संरक्षण अधिकारी रजनी मारिया ने बालिकाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए आपातकालीन सहायता हेतु टोल फ्री नंबर 181, 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), सखी वन स्टॉप सेंटर एवं डायल 112 की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
महिला सशक्तिकरण केंद्र की टीम ने नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की पात्रता और लाभों की जानकारी दी। छात्राओं को शिक्षा को प्राथमिकता देने और जीवन में लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह को सामाजिक बुराई और कानूनी अपराध बताते हुए प्राचार्यों और शिक्षकों की उपस्थिति में छात्राओं को शपथ दिलाई गई। सभी ने 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक के विवाह को रोकने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















