डॉ. राजेश कुमार साहू बने कृषि महाविद्यालय कटघोरा के नए डीन, ICAR एक्रीडिटेशन को बनाया प्राथमिक लक्ष्य

कोरबा। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा, जिला कोरबा में डॉ. राजेश कुमार साहू ने अधिष्ठाता (डीन) के पद का कार्यभार संभाल लिया है।

डॉ. साहू को कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में लगभग 20 वर्षों का व्यापक अनुभव प्राप्त है और वे इससे पूर्व विभिन्न कृषि महाविद्यालयों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. साहू ने कहा कि उनका प्रथम लक्ष्य कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) से एक्रीडिटेशन दिलाना है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों के पठन-पाठन से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भी आश्वासन दिया।

डॉ. साहू के कार्यभार संभालने से महाविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान गतिविधियों और संस्थान के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।