कोरबा। रामनगर–स्याहीमुड़ी को जोड़ने वाले मार्ग को बंद करने की सीएसईबी एचटीपीएस प्रबंधन की कोशिश आखिरकार नाकाम हो गई। प्रबंधन द्वारा बिना वैकल्पिक व्यवस्था के रास्ता बंद किए जाने से आसपास के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद क्षेत्र में जनआक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए एचटीपीएस प्रबंधन से चर्चा की और आम जनता की सुविधा के लिए कम से कम 6 फीट चौड़ा मार्ग तत्काल खोले जाने की मांग मजबूती से रखी।
पूर्व मंत्री के हस्तक्षेप और लोगों के विरोध के बाद सीएसईबी प्रबंधन को झुकना पड़ा। मुख्य अभियंता हेमंत सिंह एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पांडेय ने जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग खोलने पर सहमति जताई। इसके बाद रास्ता खोल दिया गया, जिससे स्याहीमुड़ी, रामनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली।
स्थानीय नागरिकों ने इसे जनहित की जीत बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए बड़ा काम है। लोगों का कहना है कि इस घटना से न केवल सीएसईबी बल्कि अन्य प्रबंधन संस्थानों को भी यह सबक मिलेगा कि जनहित सर्वोपरि होता है और किसी भी निर्णय में आम जनता की सुविधा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















