इंस्टाग्राम चैट बना पारिवारिक कलह की वजह, पति की टोका-टाकी से नाराज पत्नी ने खाया जहर

कोरबा। सोशल मीडिया का बढ़ता असर अब पारिवारिक रिश्तों में भी दरार डालने लगा है। ऐसा ही एक मामला कोरबा जिले में सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर चैट को लेकर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। पीड़िता का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, धर्मजयगढ़ निवासी 23 वर्षीय चमेली विश्वास का विवाह सात वर्ष पूर्व सुमित विश्वास से हुआ था।

दंपत्ति के दो बच्चे हैं। बताया गया कि इंस्टाग्राम पर किसी युवक से चैट करने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पति द्वारा टोका-टाकी किए जाने से नाराज होकर चमेली ने घर में रखे कीटनाशक ‘404’ की कुछ मात्रा का सेवन कर लिया। जहर का असर होते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां महिला वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पीड़िता की मां तरूलता ने आरोप लगाया कि दामाद लंबे समय से उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था और मारपीट की शिकायतें भी मिलती रहती थीं। उन्होंने कहा कि बेटी की सुरक्षा को देखते हुए अब उसे ससुराल भेजने के पक्ष में नहीं हैं। वहीं, पति सुमित विश्वास ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विवाद की जड़ इंस्टाग्राम पोस्ट और किसी युवक से चैट है।

उसने बताया कि पत्नी द्वारा मोबाइल और सिम बदलने के बावजूद पुराने नंबर से उसकी सक्रियता बनी हुई थी। इस पर समझाइश दी गई, लेकिन वह नाराज हो गई और जहर का सेवन कर लिया।

अस्पताल चौकी पुलिस प्रभारी विश्वनाथ ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और उसी आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।