टैक्स नहीं चुकाने वाले ठेकेदारों पर निगम सख्त, ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी

कोरबा। वित्तीय वर्ष के अंत से पहले राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए कोरबा नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि जो ठेकेदार निगम के साथ काम करते हैं और अपना प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखते हैं, उन्हें तत्काल ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।

निगम ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 144 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य रखा है, लेकिन जनवरी मध्य तक महज 45 प्रतिशत ही वसूली हो पाई है। इस कमी को पूरा करने के लिए आयुक्त ने सबसे पहले निगम से जुड़े ठेकेदारों और बड़े बकायेदारों को टारगेट किया है।

आयुक्त का साफ संदेश है  “भविष्य में निगम के किसी भी टेंडर में भाग लेना है, तो पहले बकाया टैक्स चुकाएं!” राजस्व टीम को वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर वसूली तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, बार-बार नोटिस के बावजूद टैक्स नहीं भरने वाले बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी भी चल रही है।

यह कदम निगम के वित्तीय संतुलन को मजबूत करने और बकायेदारों पर दबाव बनाने के लिए उठाया गया है। ठेकेदारों और व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है!