चलती कार में लगी आग, गैरेज पहुंचते ही मचा हड़कंप, मिस्त्री की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

कोरबा । मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार स्थित लिटिल स्टेप स्कूल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लाल रंग की कार में अचानक आग लग गई। घटना एक ऑटो गैरेज के पास की है, जहां कार चालक समय रहते गाड़ी लेकर पहुंच गया और बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, युवक अपनी कार से किसी निजी कार्य से निकला था। इसी दौरान उसे गाड़ी से हल्का धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए वह तत्काल कार को पास के ऑटो गैरेज में ले गया। जैसे ही उसने कार खड़ी कर बोनट खोला, उसी समय कार से तेज धुआं निकलने लगा और आग भड़क उठी। युवक ने तुरंत गैरेज के मिस्त्री को आवाज दी।

मिस्त्री ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी डालकर और केबल वायर काटकर आग पर काबू पाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक अनुमान है कि चूहे द्वारा कार के केबल काटे जाने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई।

बताया जा रहा है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि घटना स्थल के आसपास स्कूल और घनी आबादी वाला क्षेत्र स्थित है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।