राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में श्रुति यादव का शानदार प्रदर्शन, तीन स्पर्धाओं में भाग लेकर रचा इतिहास

कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी, शहीद पंकज विक्रम पुरस्कार से सम्मानित तथा यूनाइटेड किंगडम (यू.के.) की संसद द्वारा “शी इंस्पायर” पुरस्कार से अलंकृत कोरबा जिले की प्रतिभाशाली निशानेबाज श्रुति यादव ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

दिल्ली में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

श्रुति यादव ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल और 50 मीटर फ्री पिस्टल तीनों स्पर्धाओं में भाग लिया और हर स्पर्धा में उत्कृष्ट निशानेबाज के रूप में उभरकर सामने आईं। वह छत्तीसगढ़ राज्य की पहली और एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इन तीनों स्पर्धाओं में एक साथ सहभागिता कर इतिहास रचा है।

उनके प्रभावशाली प्रदर्शन को देखते हुए श्रुति यादव का चयन वर्ष 2026 के लिए टीम ट्रायल एवं अखिल भारतीय कुमार सुरेंद्र शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु किया गया है। अपने खेल सफर को लेकर उन्होंने कहा कि उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में वह अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

खेल उपलब्धियों के साथ-साथ श्रुति यादव ने निर्णायक (जज) के रूप में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

वह छत्तीसगढ़ की पहली और एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आईएसएसएफ बी जज और डब्ल्यूएसपी जज की योग्यता सफलतापूर्वक प्राप्त की है, साथ ही ईएसटी जज प्रमाणन की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक को भी उत्तीर्ण किया है।

श्रुति यादव की यह उपलब्धि न केवल कोरबा जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।