कोरबा।जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया को शासन की मंशानुसार सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में धान खरीदी के शेष दिवसों में पूर्ण सजगता के साथ कार्य करने और प्रभावी कार्ययोजना के अनुसार खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि समितियों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को सही एवं स्पष्ट जानकारी दी जाए तथा उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।
उन्होंने उपार्जन केंद्रों में धान की सुव्यवस्थित ढेरी लगवाने, गुणवत्ता परीक्षण एवं नमी जांच के उपरांत ही खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समितियों में जाम की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी एवं वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्रों में आवश्यकता के अनुसार तौलाई मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए। रकबा समर्पण एवं एंट्री कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल नोडल अधिकारी को सूचित किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल,खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर,जिला विपणन अधिकारी ऋतुराज देवांगन, नोडल कॉपरेटिव बैंक एस.के.जोशी सहित खाद्य निरीक्षक, समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















