कटघोरा SDM की सख्ती: जुराली घाट में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर जप्त, फरार आरोपियों की पहचान जारी

कोरबा।कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना (आईएएस) ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जुराली घाट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान मौके पर 6 से 7 ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत उत्खनन करते पाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।

संयुक्त टीम के पहुंचते ही अधिकांश ट्रैक्टर चालक मौके से भागने लगे। इस बीच एसडीएम श्री खन्ना स्वयं नदी पार कर दूसरे छोर पर उत्खनन कर रहे एक ट्रैक्टर तक पहुंचे और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। ट्रैक्टर क्रमांक CG 12 BU 6784 एक ट्रिप रेत छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे जप्त कर थाना कटघोरा में सुपुर्द किया गया।

जप्त ट्रैक्टर पर अंकित “श्री कृष्णा ट्रैक्टर” के आधार पर जानकारी लेने पर वाहन का स्वामित्व भरत प्रजापति के नाम पाया गया।

वहीं अन्य ट्रैक्टर चालक हड़बड़ी में अपने मोबाइल फोन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बरामद मोबाइल फोन के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है।

एसडीएम श्री खन्ना ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया है कि अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।