छठी देवी मेमोरियल सेवा संस्थान की पहल: 100 से अधिक वंचितों को साइकिल व ट्राइसाइकिल वितरित, मंत्री लखनलाल ने की सराहना

कोरबा।दर्री क्षेत्र के सिद्धि वाटिका में छठी देवी मेमोरियल सेवा संस्थान द्वारा शारीरिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए एक सराहनीय सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था की ओर से 100 से अधिक जरूरतमंदों को सामान्य साइकिलें, दिव्यांगजनों के लिए ट्राइसाइकिल तथा अन्य सहायक सामग्री वितरित की गई। लाभार्थियों का चयन निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं, लेकिन कई कारणों से कुछ लोग अब भी इससे वंचित रह जाते हैं। ऐसे में सामाजिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने छठी देवी मेमोरियल सेवा संस्थान एवं इसके संचालक सर्वजीत सिंह की पहल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि भविष्य में सरकार ऐसे संगठनों को प्रोत्साहित करेगी।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने स्वयं दिव्यांगजनों सहित अन्य लाभार्थियों को सहायक सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सर्वजीत सिंह ने कहा कि यह कार्य एक सकारात्मक सोच से प्रेरित होकर शुरू किया गया है और संस्था का उद्देश्य इसे व्यापक स्तर पर अन्य क्षेत्रों तक विस्तार देना है।

आयोजन की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। यह आयोजन सामाजिक समावेश और सेवा भावना का प्रभावी उदाहरण बना।