कोरबा। कोरबा जिले के पाली विकासखंडअंतर्गत ग्राम मुनगाडीह के रहने वाले आकाश कुमार डिक्सेना एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्षों तक सरकारी नौकरी की तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हताशा में डूबने के बजाय उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (PMEGP) का सहारा लिया और आज एक सफल बेकरी उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।
आकाश ने एमए (अंग्रेजी एवं संस्कृत) तथा बी.एड. की डिग्री हासिल की। कुछ समय तक निजी कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के रूप में काम किया, लेकिन कम वेतन से असंतुष्ट रहने के कारण उन्होंने स्वरोजगार का रास्ता अपनाया। अखबार में योजना की जानकारी पढ़कर उन्होंने बेकरी उद्योग स्थापित करने का निर्णय लिया।
योजना के तहत उन्होंने लगभग 11 लाख रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया, जिसमें से बैंक से 9 लाख 90 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस सहायता से उन्होंने अपने गांव में ही बेकरी शुरू की, जहां अब वे ब्रेड, क्रीम रोल, बिस्किट और अन्य ताजा बेकरी उत्पाद बनाते हैं।
उनके उत्पादों को स्थानीय ग्रामीणों से भरपूर समर्थन मिल रहा है, जिससे उन्हें नियमित आय हो रही है। यह उद्यम न केवल आकाश को आत्मनिर्भर बना रहा है, बल्कि गांव के कुछ अन्य बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार दे रहा है। उनके माता-पिता भी इस व्यवसाय में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
आकाश बताते हैं,”प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना ने मेरे जीवन की दिशा पूरी तरह बदल दी। मैं अब हर महीने लगभग 15,300 रुपये की किस्त नियमित जमा कर रहा हूं और गर्व से कह सकता हूं कि मैं पूरी तरह आत्मनिर्भर हूं।
सरकारी नौकरी का मोह त्यागकर स्वरोजगार चुनना मेरे लिए सबसे सही फैसला साबित हुआ।”
यह सफलता की कहानी उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सरकारी नौकरी के चक्कर में अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। पीएमईजीपी जैसी योजनाएं ग्रामीण भारत में उद्यमिता को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार कर रही हैं।
आकाश डिक्सेना की यह यात्रा साबित करती है कि सही दिशा और सरकारी सहायता से कोई भी सपना हकीकत बन सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
