अभ्युदय पूर्व छात्र सम्मेलन: सरस्वती शिशु मंदिर प्रगतिनगर में 18 जनवरी को भव्य मिलन का उत्सव

कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रगतिनगर, एनटीपीसी कोरबा द्वारा “अभ्युदय” शीर्षक से पूर्व छात्र सम्मेलन का भव्य आयोजन 18 जनवरी 2026, रविवार को विद्यालय परिसर में किया जा रहा है। इस सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व छात्रों को एक मंच पर एकत्र कर आपसी संवाद, स्मृतियों के साझा अनुभव और गुरुजनों के सान्निध्य में संस्कारों को पुनर्जीवित करना है।

पूर्व छात्र परिषद के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं सचिव श्री हर्षवर्धन गुप्ता ने विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके सभी पूर्व छात्र-छात्राओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल मिलन का अवसर नहीं, बल्कि अपने विद्यालय, गुरुजनों और मूल्यों से पुनः जुड़ने का प्रेरणास्पद मंच है।

विद्यालय के प्राचार्य लक्ष्मीनारायण जायसवाल ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए विद्यालय परिवार पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है। कार्यक्रम के संयोजक आचार्य अशोक चंद्रवशी, आचार्य दुर्गा प्रसाद नामदेव, प्रधानाचार्य परसराम देवांगन सहित समस्त आचार्यगण एवं शिक्षकगण उत्साहपूर्वक तैयारियों में लगे हुए हैं।

आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में लगभग 200 से अधिक पूर्व छात्रों की सहभागिता अपेक्षित है। यह आयोजन न केवल पूर्व छात्रों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करेगा, बल्कि विद्यालय की गौरवशाली परंपरा, संस्कारों और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को और अधिक सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

विद्यालय परिवार ने सभी पूर्व छात्र-छात्राओं से समय पर उपस्थित होकर इस सम्मेलन को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने का आग्रह किया है।