सड़क सुरक्षा माह में अनूठी पहल: हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने वाले 100 से अधिक चालकों को ट्रैफिक पुलिस ने गुलाब फूल देकर किया सम्मानित

कोरबा। जिले में 1 जनवरी से प्रारंभ सड़क सुरक्षा जागरूकता माह 31 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कोरबा ट्रैफिक पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए हेलमेट व सीट बेल्ट का पालन करने वाले 100 से अधिक वाहन चालकों को सम्मानित किया।

ट्रांसपोर्ट नगर चौक, नहर पुल तथा कोसाबाड़ी सुभाष चंद्र बोस चौराहे पर पुलिस ने दुपहिया व चारपहिया चालकों की सतर्कता और जागरूकता की जांच की। जो चालक दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाए हुए मिले, उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने चालकों से अपील की कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं। इस पहल से अन्य लोग भी प्रेरित हो रहे हैं और सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक मानसिकता विकसित कर रहे हैं।

यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, ट्रैफिक डीएसपी डी.के. सिंह, इंस्पेक्टर तेज कुमार यादव, एएसआई मनोज राठौर, ईश्वर लहरे सहित मैदानी अमले ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।