कोरबा नगर निगम क्षेत्र के सिंगापुर इलाके में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की रसोई में सिलेंडर के पीछे फन फैलाए एक जहरीला कोबरा बैठा मिला। अचानक फुंकार की आवाज सुनकर घर की महिला अर्चना कंवर घबरा गईं। ध्यान से देखने पर उन्हें समझ आया कि यह कोई साधारण सांप नहीं, बल्कि बेहद खतरनाक कोबरा है।
अर्चना कंवर ने तत्काल पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
मौके पर लोग जुटे, लेकिन कोई भी इतने जहरीले सांप को पकड़ने का साहस नहीं कर पाया। इसके बाद वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ‘नोवा नेचर’ के स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी व कुशलता के साथ करीब 5 फुट लंबे कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। विशेष उपकरणों की मदद से सांप को पकड़कर थैले में सुरक्षित रखा गया, जिससे घर के सदस्यों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
घटनाक्रम बताते हुए मकान मालकिन अर्चना कंवर ने कहा कि वह रोज की तरह सुबह नाश्ता बनाने किचन गई थीं। गैस चालू करते समय उन्हें बार-बार फुंकार की आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा कि यह गैस की आवाज होगी, लेकिन जब झांककर देखा तो फन फैलाए नाग को देखकर घबरा गईं और तुरंत बाहर निकलकर लोगों को बुलाया।
रेस्क्यू के बाद स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि कोबरा अत्यंत जहरीला सांप होता है और इसके डसने पर समय पर इलाज न मिले तो जान का खतरा हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल में इलाज कराएं।
साथ ही उन्होंने कहा कि सांपों को मारना समाधान नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित बचाकर प्राकृतिक आवास में छोड़ना ही सही तरीका है।
जितेंद्र सारथी ने नागरिकों से अपील की कि ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं, सांप को नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम के हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















