कोरबा। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने बालको (वेदांता) के कर्मचारियों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन जल्द ही एलटीसी, ईएसआईसी और अन्य मुद्दों का समाधान नहीं करता, तो ठीक 30 दिन बाद वे अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी द्वारा 20 साल पहले इस्तेमाल की गई उसी खटिया के साथ यहां धरना-प्रदर्शन करेंगे।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में अमित जोगी ने बताया कि बालको कर्मियों को विभिन्न मुद्दों पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने प्रबंधन को स्पष्ट संदेश दिया है कि मानवीय आधार पर फिलहाल आंदोलन टाला जा रहा है, खासकर बालको प्रमुख अनिल अग्रवाल के पुत्र अग्निवेश अग्रवाल की हालिया मृत्यु के कारण परिवार दुखी है। लेकिन यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो प्रदर्शन अनिवार्य होगा।
अमित जोगी ने भावुक होकर कहा,
“बालको कोई साधारण उद्योग नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा है। पिछले कई दशकों से यह हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार दे रहा है। यहां सब कुछ ठीक होना चाहिए, अन्यथा संघर्ष के सभी रास्ते खुले हैं।”
उन्होंने दोहराया कि 2005 में उनके पिता अजीत जोगी ने बालको प्लांट के अंदर खटिया डालकर अनशन किया था, और अब वही ऐतिहासिक खटिया मजदूरों के हक के लिए फिर इस्तेमाल होगी।
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब अमित जोगी 13 जनवरी को कोरबा में श्रमिकों से मिलने पहुंचे थे और बालको मजदूरों के मुद्दों पर गहन चर्चा की। जनता कांग्रेस ने संकेत दिया है कि यदि जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बालको परिवार से अपील: जल्द समस्याओं का समाधान करें, ताकि स्थिति बिगड़े नहीं।
मजदूरों का हक़: अमित जोगी ने मजदूर एकता और छत्तीसगढ़िया युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष का आह्वान किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
