NHAI की लापरवाही:गोपालपुर में बिना डायवर्सन सड़क निर्माण, कीचड़-धूल में फंस रहे वाहन, जनता परेशान

कोरबा जिले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा गोपालपुर से जेंजरा के बीच सड़क नवीनीकरण का कार्य शुरू किया गया है, लेकिन निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधा की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है।

गोपालपुर के पास कोई वैकल्पिक डायवर्सन सड़क नहीं बनाई गई है, जिसके कारण मुख्य सड़क पर काम चलने से रोजाना वाहन फंस रहे हैं और आवाजाही पूरी तरह ठप हो रही है।

बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। सड़क के एक तरफ सिर्फ गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जबकि दूसरी तरफ समतलीकरण करके पानी डाल दिया गया, जिससे पूरे इलाके में गहरा कीचड़ फैल गया है।

वाहन कीचड़ में धंस जाते हैं और निकालने में लोगों को भारी परेशानी होती है। बारिश न होने पर भी यहां धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे राहगीरों और आसपास के निवासियों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है।

स्थानीय लोग बताते हैं कि इस लापरवाही के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्कूल, बाजार और अस्पताल जाने वाले लोग घंटों जाम और कीचड़ में फंसकर परेशान हो रहे हैं। कई बार वाहन लंबे समय तक फंसे रहते हैं, जिससे ईंधन की बर्बादी के साथ-साथ समय और स्वास्थ्य दोनों का नुकसान हो रहा है।

लोगों की मांग है कि NHAI तुरंत गोपालपुर के पास उचित डायवर्सन सड़क का निर्माण करे, कीचड़ और धूल को नियंत्रित करने के लिए उचित व्यवस्था करे तथा निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए। अन्यथा यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

स्थानीय प्रशासन और NHAI अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की अपील की जा रही है ताकि आम जनता को इस हाईवे पर होने वाली रोजमर्रा की मुश्किलों से निजात मिल सके।