कोरबा से आज रवाना होगी श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा: 3 लाख से अधिक राम नाम पुस्तिकाओं के साथ हजारों भक्त अयोध्या पहुंचेंगे

कोरबा। तीन करोड़ 33 लाख 33 हजार राम नाम लेखन के निर्धारित लक्ष्य से भी कहीं ज्यादा संख्या में कोरबा जिले के लोगों ने राम नाम को अंकित किया है। तीन लाख ऐसी पुस्तकों के साथ सैकड़ों बाईक में श्रद्धालुओं का समूह श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा में 12 जनवरी को अयोध्या रवाना होगा।

राजकुमार ठाकुर ने बताया कि कोरबा से सुबह 9 बजे भक्तों का कारवां अयोध्या के लिए रवाना होगा। कुछ क्षेत्रों के राम भक्त जमनीपाली एनटीपीसी गेट होते हुए कटघोरा पहुंचेंगे।

स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस पर सुबह 10:30 बजे कटघोरा के मेला ग्राउंड में एकत्रीकरण और पंजीकरण के बाद 11:15 से 12:45 तक युवा सम्मेलन होगा। दोपहर भोजन के बाद 2 बजे 500 बाइक में युवा और दो अन्य वाहनों में राम नाम लेखन पुस्तिका एवं कोरबा से अयोध्या के बीच की व्यवस्थाओं को देखने वाली टीम शामिल होगी।

बताया गया कि कटघोरा से प्रस्थान के बाद मोरगा में 20 मिनट के अल्प विश्राम के बाद रात्रि 8 बजे श्रद्धालु अंबिकापुर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। 13 जनवरी को सुबह 7:15 बजे जलपान होगा और 8 बजे वाराणसी के लिए उनकी रवानगी होगी। 14 जनवरी को दोपहर 12 बजे श्रद्धालु अयोध्या पहुंचेंगे। 16 जनवरी को इनकी वापसी होगी।