दंतैल हाथी का आतंक: जटगा रेंज के चैतुरगढ़ पहुंचा, कोरबा वन मंडल में हाथियों की संख्या 14 हुई

कोरबा जिले में जंगली हाथियों का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। कटघोरा वन मंडल के जटगा रेंज में घूम रहा दंतैल हाथी अब चैतुरगढ़ पहाड़ी पर पहुंच गया है। इस दंतैल हाथी के झुंड से अलग होकर घूमने से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

वन विभाग के अनुसार, कोरबा वन मंडल में हाथियों की कुल संख्या अब 14 हो गई है। इनमें से 3 दंतैल हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल से कुदमुरा रेंज में पहुंचे हैं। इन दंतैल हाथियों के आगमन से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

पाली रेंज के रतखंडी, पहाड़गांव और जेमरा गांवों में लंबे समय बाद दंतैल हाथी के पहुंचने से स्थानीय लोग काफी डरे हुए हैं। सुबह ग्रामीणों ने जंगल के बीच खेत में हाथी के बड़े-बड़े पद चिन्ह देखे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इसकी पुष्टि की और आसपास के गांवों में मुनादी कराई है। लोगों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।