लड़की के मोबाइल में युवक की फोटो देख भड़के पिता, पिटाई के बाद दोस्तों ने घर पर किया पथराव, 6 घायल

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास एक छोटी सी बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट और पथराव तक पहुंच गई। इस घटना में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर आपसी मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

पिता के गुस्से से शुरू हुआ झगड़ा
सूत्रों के अनुसार, एक लड़की किसी लड़के का मोबाइल घर ले आई थी। लड़की के पिता ने मोबाइल चेक किया और स्क्रीन लॉक खोलते ही उसमें एक लड़के की फोटो देखी। इससे नाराज पिता ने पहले अपनी बेटी को पीटा, फिर उसी मोबाइल से लड़के को फोन किया और घर बुलाया। लड़का जैसे ही घर पहुंचा, पिता और परिजनों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।

दोस्तों ने लिया बदला, मच गया हंगामा
लड़के की पिटाई की खबर उसके दोस्तों तक पहुंचते ही आधा दर्जन से अधिक युवक लाठी-डंडे और पत्थर लेकर लड़की के घर जा  पहुंचे। उन्होंने घर पर खूब पथराव किया और एक वाहन को भी तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।

हंगामे के दौरान घबराई लड़की ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। सभी पक्षों को मानिकपुर चौकी लाया गया। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश और पूछताछ जारी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।