कोरबा। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत लगभग 90 किलोमीटर दूर स्थित दूरस्थ ग्राम पंचायत धजाक की प्राथमिक शाला में शिक्षक की व्यवस्था होने से अब शैक्षणिक माहौल में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। लंबे समय से शिक्षक की कमी से जूझ रहे विद्यालय में अब नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होने लगी हैं।
विद्यालय की प्रधानपाठिका श्रीमती पुनिता एक्का ने बताया कि प्राथमिक शाला में कुल 28 विद्यार्थी दर्ज हैं, लेकिन पहले एकमात्र शिक्षक होने के कारण सभी कक्षाओं का संचालन नियमित रूप से नहीं हो पाता था, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। हाल ही में सहायक शिक्षक रामप्यारे उरांव की पदस्थापना किए जाने से यह समस्या दूर हो गई है।
नए शिक्षक के आने से अब सभी कक्षाएं नियमित रूप से लग रही हैं और बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता आई है।
विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा चौथी की सोनिया, कक्षा पांचवीं के सुखराज और कक्षा तीसरी के रितेश ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अब स्कूल में नए गुरुजी आए हैं, जो उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी कराते हैं। पहले जहां कई कक्षाएं खाली रह जाती थीं, अब वैसी स्थिति नहीं है।
शिक्षक की उपलब्धता से न सिर्फ बच्चों की पढ़ाई बेहतर हुई है, बल्कि अभिभावकों में भी विद्यालय के प्रति भरोसा बढ़ा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















