शोक:वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के पुत्र अग्निवेश अग्रवाल का निधन, कोरबा सहित उद्योग जगत में शोक की लहर

कोरबा । वेदांता ग्रुप के चेयरमैन एवं देश के जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल के पुत्र अग्निवेश अग्रवाल (49) का निधन हो गया है। इस दुखद समाचार से औद्योगिक जगत, सामाजिक क्षेत्र और कोरबा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

अपने बेटे के निधन की जानकारी स्वयं अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के माध्यम से दी। उन्होंने लिखा, “आज मेरे जीवन का सबसे दर्दनाक दिन है। एक पिता के कंधे पर बेटे की अर्थी जाए, इससे बड़ा दुख और क्या हो सकता है।”

जानकारी के अनुसार, अग्निवेश अग्रवाल अमेरिका में अपने मित्र के साथ स्कीइंग के लिए गए थे, जहां वे एक हादसे का शिकार हो गए। उन्हें न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों को उनके स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया।

3 जून 1976 को पटना के एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे अग्निवेश अग्रवाल बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने मेयो कॉलेज, अजमेर से शिक्षा प्राप्त की थी। वे एक सफल उद्यमी होने के साथ-साथ ‘फुजैराह गोल्ड’ और ‘हिंदुस्तान जिंक’ के चेयरमैन के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके थे। इसके अलावा वे बॉक्सिंग चैंपियन, कुशल घुड़सवार और संगीत प्रेमी भी थे।

दुख की इस घड़ी में भी अनिल अग्रवाल ने समाज सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने पुत्र से वादा किया था कि अपनी संपत्ति का 75 प्रतिशत हिस्सा समाज कल्याण में लगाएंगे और वे इस वादे को निभाएंगे। उन्होंने सादगी से जीवन जीने और देश को आत्मनिर्भर बनाने के अग्निवेश के सपने को पूरा करने का संकल्प भी लिया।

अनिल अग्रवाल ने भावुक होते हुए कहा कि वेदांता में काम करने वाला हर युवा उनके लिए अग्निवेश के समान है।

अग्निवेश अपने पीछे पत्नी, बच्चों और शोकाकुल माता-पिता को छोड़ गए हैं। उनके निधन से औद्योगिक और सामाजिक जगत में अपूरणीय क्षति हुई है।