अशोक वाटिका, फुटका पहाड़ और कॉफी प्वाइंट का जायजा लेंगे वन मंत्री केदार कश्यप

कोरबा प्रवास पर रहेंगे वन मंत्री, एनटीपीसी- एसईसीएल और वन विभाग के अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक

कोरबा।छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप 20 अगस्त को कोरबा जिले के प्रवास पर रहेंगे।

अपने प्रवास के दौरान वे जिले के प्रमुख प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों का दौरा कर वहां की स्थिति और विकास गतिविधियों का जायजा लेंगे। इसके साथ ही वन संरक्षण, पर्यावरणीय प्रबंधन और विकास परियोजनाओं से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वन मंत्री सुबह 10 बजे वन विश्रामगृह बुका से अशोक वाटिका के लिए रवाना होंगे और 11 बजे पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे फुटका पहाड़ के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12.30 बजे फुटका पहाड़ पहुंचकर वे क्षेत्र का भ्रमण एवं संबंधित गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।

इसके बाद दोपहर 1.30 बजे वे बालको रेंज स्थित प्रसिद्ध कॉफी प्वाइंट के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2.30 बजे कॉफी प्वाइंट पहुंचकर वन मंत्री क्षेत्र की प्राकृतिक स्थिति, पर्यटन गतिविधियों और विकास से जुड़े कार्यों का जायजा लेंगे।

अधिकारियों के साथ होगी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक
दौरे के अंतिम चरण में वन मंत्री शाम 3.30 बजे कॉफी प्वाइंट से ग्राम जमनीपाली स्थित एनटीपीसी गेस्ट हाउस के लिए रवाना होंगे। शाम 4.30 बजे यहां एनटीपीसी, एसईसीएल और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक प्रस्तावित है।

बैठक में वन संरक्षण, पर्यावरणीय प्रबंधन, औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं से जुड़े विषयों तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की जाएगी। कोरबा जैसे औद्योगिक जिले में वन और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को देखते हुए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वन मंत्री केदार कश्यप रात्रि विश्राम जमनीपाली में करेंगे और अगले दिन शुक्रवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे। उनका कोरबा प्रवास जिले में वन संरक्षण, पर्यटन विकास और औद्योगिक परियोजनाओं के बीच बेहतर संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।