धान खरीदी में अनियमितता: कांग्रेस नेता मधुसूदन दास ने सौंपा ज्ञापन, किसानों के शोषण का लगाया आरोप

कोरबा। जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में गंभीर खामियां सामने आने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता व युवा कांग्रेस महासचिव मधुसूदन दास ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

उन्होंने धान खरीदी की प्रक्रिया में किसानों के साथ हो रहे कथित शोषण पर गहरी नाराजगी जताई।

मधुसूदन दास ने बताया कि सोनपुरी, चचिया, कुदमुरा और कोरकोमा स्थित धान खरीदी केंद्रों में किसानों से निर्धारित मात्रा से अधिक 40 किलो 850 ग्राम धान लिया जा रहा है।

साथ ही किसानों को स्वयं हमाल की व्यवस्था करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे पलटी, वजन, बोरा सिलाई और स्केटिंग जैसे कार्य किसानों से ही कराए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि स्टेकिंग के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा भी उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण तिरपाल के ऊपर ही धान के बोरे रखे जा रहे हैं। इससे धान खराब होने की आशंका बनी हुई है। कुल मिलाकर धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था के चलते किसानों का लगातार शोषण किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और व्यवस्था सुधार की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपक वर्मा, बबलू मारवा, धनंजय राठौर, संदीप कुमार और सूरज कुमार भी उपस्थित रहे।