7 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल; सीसीटीवी फुटेज से हुआ गिरोह का खुलासा, 8 हजार रुपये बरामद
कोरबा। कोरबा और बिलासपुर में चलती बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में 7 महिलाओं और 2 पुरुषों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चेन बेचकर मिली रकम में से 8 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में एक महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी एक दंपती काम के सिलसिले में बिलासपुर गया था। वापसी के दौरान दोनों ने नेहरू चौक बिलासपुर से बस पकड़ी। बस में भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे।
बताया गया कि महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। इसके बाद शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं ने दंपती के साथ जानबूझकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने महिला यात्री को घेर लिया और उसके गले से सोने की चेन निकाल ली।
वारदात के बाद सभी महिलाएं बस से उतर गईं।
रतनपुर पहुंचने के बाद जब बस कुछ खाली हुई तो महिला को गले से सोने की चेन गायब होने का पता चला। इसके बाद उसने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना और ठिहईभाठा, थाना बांगो क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई।
इसके बाद कोरबा पुलिस की मदद से पुलिस टीम ने कोनकोना में दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बस में धक्का-मुक्की कर यात्री के गले से चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।
20 हजार में बेची थी चोरी की चेन
पुलिस के अनुसार चोरी की सोने की चेन गिरोह की एक अन्य महिला सदस्य, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को 20 हजार रुपये में बेची गई थी। आरोपियों ने बताया कि इसमें से 12 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि शेष 8 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
चोरी की चेन खरीदने वाली महिला फिलहाल फरार बताई जा रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रतनपुर पुलिस को सौंपे गए आरोपी
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए रतनपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















