खुले कुएं में नहाने गया 4 साल का मासूम डूबा, दर्दनाक मौत से इलाके में छाया मातम

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर बस्ती में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। दादर पीएम आवास के सामने स्थित खुले कुएं में नहाते समय चार वर्षीय मासूम प्रशांत यादव की डूबकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दामाद मोहल्ले में रहने वाले राजमिस्त्री सावन यादव का पुत्र प्रशांत बस्ती के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते सभी बच्चे पास ही बने कुएं में नहाने चले गए। बताया जा रहा है कि कुएं की गहराई करीब 9 फीट है। अन्य बच्चों को कुएं में कूदते देख प्रशांत भी पानी में उतर गया, लेकिन गहराई का सही अंदाजा न लग पाने के कारण वह डूबने लगा।

प्रशांत को डूबता देख अन्य बच्चे घबरा गए और मौके से भागकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के समय बच्चे के माता-पिता काम पर गए हुए थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बस्ती क्षेत्रों में खुले कुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।