राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा कल कोरबा प्रवास पर, योजनाओं की करेंगे गहन समीक्षा

कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा 08 जनवरी को कोरबा जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे जिले में संचालित खाद्य एवं पोषण संबंधी विभिन्न विभागीय योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का निरीक्षण एवं मूल्यांकन करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री शर्मा 08 जनवरी को प्रातः 09.30 बजे से दोपहर 01.30 बजे तक विभिन्न स्थलों का फील्ड विजिट कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके पश्चात अपरान्ह 02.30 बजे से कलेक्टर सभा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 तथा छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम, 2012 के अंतर्गत भाग-दो में शामिल योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इनमें पूरक पोषण आहार योजना, मध्यान्ह भोजन योजना, आश्रम एवं छात्रावासों में पात्रतानुसार खाद्यान्न वितरण सहित अन्य संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी व्यवस्था एवं शिकायत निवारण तंत्र पर विशेष चर्चा होगी।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को विभागीय जानकारियों के साथ नियत समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।