कोरबा। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में अधिकतम हितग्राही महिलाओं को लाभान्वित करने पर बल देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से समयबद्ध रूप से लाभ वितरित किया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्र नियमित समय पर संचालित हों तथा बच्चों को गर्म नाश्ता-भोजन, किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती-धात्री महिलाओं को निर्धारित पोषण आहार समय पर प्रदान किया जाए। गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कर सुपोषित बनाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। कुपोषित बच्चों के घर जाकर माताओं को जागरूक किया जाए और अतिरिक्त पौष्टिक आहार वितरित किया जाए।
महतारी वंदन योजना के भुगतान की मासिक जानकारी भेजने, अटके भुगतानों का कारण पता कर तत्काल समाधान करने तथा ई-केवाईसी कार्य को 10 दिनों में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए। टीएचआर वितरण, विभागीय योजनाओं की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर समय पर अपलोड करने और पोषण ट्रैकर में रोजाना डाटा एंट्री करने को कहा गया।
बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल देखरेख संस्थाओं की समीक्षा में कलेक्टर ने शासन के सभी मानकों का सख्ती से पालन, साफ-सफाई, आवास और भोजन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। आकस्मिक निरीक्षण में शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। पालना केंद्रों के रिक्त पदों पर 15 दिनों में भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज, विभिन्न सीडीपीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















