पौष पूर्णिमा पर नमामि हसदेव सेवा समिति ने आयोजित की भव्य महाआरती, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु
कोरबा। नमामि हसदेव सेवा समिति ने पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर हसदेव नदी की महाआरती का आयोजन किया। इस दौरान समिति ने एक बार फिर नदी संरक्षण का संकल्प दोहराया और कोरबा से कुदुरमाल तक रिवर फ्रंट विकसित करने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग शामिल हुए।
मुख्य यजमान के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महामंत्री नरेंद्र कुमार अग्रवाल, विमल कुमार जोशी, मनीष जैन और सरस्वती शाला, सीतामढ़ी के प्राचार्य विद्यानंद पाण्डेय उपस्थित रहे।
भोजराम देवांगन ने कहा कि हसदेव नदी के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसका भरपूर लाभ उठा सकें। साथ ही नदी का जल शुद्ध और स्वच्छ रहे, जिससे क्षेत्र में जल संकट की समस्या न हो।
इस आयोजन से क्षेत्रवासियों को हसदेव नदी तथा अन्य जल स्रोतों के महत्व को नए सिरे से समझने का मौका मिला।
कार्यक्रम में चंद्रकिशोर श्रीवास्तव, रणधीर पाण्डेय सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा हर पूर्णिमा पर ऐसे आयोजन कर नदी संरक्षण की मुहिम को लगातार गति दी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















