कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जो खबर लिखे जाने तक जारी रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू करने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, कोहड़िया निवासी राम कुमारी वर्मा अपनी बेटी रेणु वर्मा के साथ दर्री बाजार से सब्जी खरीदकर स्कूटी (क्रमांक CG 12 BQ 1611) से घर लौट रही थीं।
शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच दर्री मुख्य मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार ने तेजी से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गईं।
ठीक उसी समय तेज रफ्तार से आ रहे एक भारी मालवाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया दोनों के सिर पर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही मां-बेटी की मौत हो गई। दुर्घटना करने वाला भारी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में सड़क पर जमा हो गए और चक्काजाम शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है।
राखड़ परिवहन करने वाले वाहन एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। स्थानीय लोग भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण और रफ्तार सीमा की मांग लंबे समय से कर रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
चक्काजाम के कारण क्षेत्र में यातायात बाधित रहा। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















