पॉवर हाउस रोड की जाम समस्या से मिलेगी राहत, जल्द शुरू होगी मल्टीलेवल पार्किंग

कोरबा । नए साल में कोरबा शहरवासियों को पॉवर हाउस रोड पर दिनभर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। पॉवर हाउस रोड स्थित नहर पुल चौक से दर्री रोड की ओर जाने वाले बायपास मार्ग पर बन रही मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान में भवन में रंग-रोगन सहित अंतिम कार्य किए जा रहे हैं।

जिला खनिज न्यास मद से करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस जी प्लस थ्री मल्टीलेवल पार्किंग में 256 चार पहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी। नगर निगम द्वारा पहले डीएमएफ से 15 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया गया था, बाद में शेष कार्यों के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत कर निर्माण दोबारा शुरू किया गया।

भवन में कमर्शियल दुकानों के लिए भी स्थान तैयार किया जा रहा है। इसके शुरू होने से पॉवर हाउस रोड पर यातायात का दबाव कम होगा और बेतरतीब पार्किंग के कारण नहर पुल क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मल्टीलेवल पार्किंग भवन का निरीक्षण किया और इसके संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैंप निर्माण, ग्रिल लगाने और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य तय समयसीमा में पूरा कराने के भी निर्देश दिए।

प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वर्ष 2026 से मल्टीलेवल पार्किंग को आम जनता के लिए शुरू किए जाने की संभावना है, जिसका शहरवासियों को लंबे समय से इंतजार है।