कोरबा । कोरबा जिले के सर्वमंगला–तरदा नहर रोड से भिलाईखुर्द के बीच हसदेव नदी पर नए पुल के निर्माण को राज्य शासन ने प्रशासकीय मंजूरी दे दी है। रेलवे ब्रिज के समानांतर बनने वाले इस पुल की लंबाई 1320 मीटर होगी। इसके लिए 51 करोड़ 63 लाख 70 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पुल के निर्माण से भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे यातायात दबाव कम होगा। साथ ही कोरबा-पश्चिम क्षेत्र के कुसमुंडा, दीपका, बांकीमोंगरा सहित आसपास के लोगों को रायगढ़ और चांपा की ओर जाने के लिए शहर से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। सर्वमंगला से सीधे भिलाईखुर्द पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में भारी वाहन कुदुरमाल होते हुए ग्राम उरगा पहुंचते हैं, जिसकी दूरी लगभग 12 किलोमीटर है। पुल बनने के बाद यह दूरी करीब 5 किलोमीटर कम हो जाएगी। पुल के दोनों ओर कुल 1274 मीटर लंबी एप्रोच रोड का भी निर्माण किया जाएगा, जो भिलाईखुर्द बस्ती के पहले मुख्य मार्ग से जुड़ेगी।
पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण विभाग द्वारा डेढ़ वर्ष पूर्व सर्वे कर प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे 2024-25 के बजट में भी शामिल किया गया था। तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 30 दिसंबर को प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















