कोरबा। प्रशांति वृद्धाश्रम में एक बुजुर्ग महिला को स्थानांतरित करने के मामले में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। उप संचालक हरीश सक्सेना और परिवीक्षा अधिकारी मुकेश दिवाकर पर आश्रम के केयरटेकर बीरू यादव को अनाधिकृत प्रवेश कर धमकाने और दबाव बनाने का आरोप है।
इस संबंध में नवदृष्टि समाजसेवी संस्था ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने वृद्धाश्रम के महिला वार्ड में बिना अनुमति प्रवेश किया और केयरटेकर को बुलाकर सुखमत बाई बघेल को आश्रम में रखने पर सवाल उठाए। उन्हें ‘नेतागिरी’ करने जैसे शब्द कहकर धमकाया गया।
संस्था के अध्यक्ष ने बताया कि सुखमत बाई पहले विभागीय स्नेह सदन वृद्धाश्रम में थीं, जहां प्रताड़ना की शिकायत मिलने पर महापौर के निर्देश पर उन्हें प्रशांति वृद्धाश्रम में भर्ती कराया गया।
संस्था का कहना है कि सभी तथ्यों की जानकारी होने के बावजूद अधिकारी मामले को अनावश्यक तूल दे रहे हैं और आश्रम के प्रति उनका रवैया दबावपूर्ण बना हुआ है। यह प्रकरण बुजुर्गों की देखभाल और विभागीय हस्तक्षेप के मुद्दों को उजागर करता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















