कोरबा।कोरबा जिले में सड़क हादसों में कमी लाने और महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह एवं महिला सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। वर्ष 2026 के प्रथम दिन जिला पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी उपस्थितजनों ने सड़क दुर्घटनाओं में आशातीत कमी लाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत रहे। इस अवसर पर पुलिस द्वारा बरामद किए गए गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सड़क पर लापरवाही के कारण अनेक दुर्घटनाएं होती हैं। इन्हें रोकने के लिए यातायात नियमों के पालन और जन-जागरूकता की आवश्यकता है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सड़क सुरक्षा माह और महिला सुरक्षा सप्ताह को एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से समाज के हर स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जागरूकता रैली को मेयर ने दिखाई हरी झंडी
सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने पुलिस द्वारा आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हेलमेट पहनकर निकली इस रैली में पुलिस कर्मियों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। रैली ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को संदेश दिया कि सुरक्षा ही जीवन है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, आगामी 30 दिनों तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा को लेकर विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















