बालिका गृह में“आज सुरक्षित तो आने वाला कल भी सुरक्षित”थीम पर पर्यावरण संरक्षण विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

कोरबा।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 को बालिका गृह आईटीआई रामपुर में “Protect Today, Secure Tomorrow” शीर्षक के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा कु. डिंपल द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि पर्यावरण पृथ्वी के चारों ओर एक सुरक्षात्मक चादर के समान है, जो पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करता है तथा जीवन के लिए आवश्यक तत्वों को बनाए रखने में सहायक है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण मानवता की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रदूषण को कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता है।

इस अवसर पर अधिक से अधिक पौधरोपण करने, उनकी नियमित देखभाल करने, जल संरक्षण को अपनाने तथा पानी के अपव्यय को रोकने पर विशेष जोर दिया गया।

साथ ही बताया गया कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है, क्योंकि हमारा भविष्य इसी पर निर्भर करता है।

उक्त शिविर में बालिका गृह की अधीक्षिका, समस्त कर्मचारीगण सहित लगभग 44 बालिकाएं उपस्थित रहीं और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक हुईं।