मां महामाया मंदिर में नए साल पर लगी आग, भक्तों की लापरवाही से मची अफरा-तफरी; समय पर काबू पाकर टली बड़ी अनहोनी

अंबिकापुर।सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर परिसर में नए साल के पहले दिन सुबह आग लगने से श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण भक्तों द्वारा मन्नत के लिए बांधे गए धागों और चुनरियों के पास रखे दीपक को बताया जा रहा है, जिससे आग तेजी से फैल गई।

नववर्ष पर मां महामाया के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान परिसर के बाहर मन्नत वाली जगह पर अचानक आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग फैलने लगी, जिससे मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि,मंदिर प्रबंधन और कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर कुछ ही मिनटों में काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी श्रद्धालु या कर्मचारी को चोट नहीं आई और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

मंदिर समिति और प्रशासन ने भक्तों से अपील की है कि दर्शन और मन्नत पूरी करने के दौरान दीपक व अन्य ज्वलनशील सामग्री के प्रति विशेष सावधानी बरतें।

मां महामाया मंदिर अंबिकापुर की पहचान है और नवरात्रि व विशेष पर्वों पर यहां दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। इस घटना के बाद भी दर्शन सुचारु रूप से जारी हैं।