सड़क सुविधा के अभाव में शव को खाट पर ढोने की मजबूरी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

अंबिकापुर।सरगुजा जिले के सीतापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भारतपुर अंतर्गत लकरालता टोला में सड़क न होने के कारण एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए करीब ढाई किलोमीटर पैदल खाट (चारपाई) पर ढोकर ले जाना पड़ा।

परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पक्की सड़क नहीं होने से कोई वाहन नहीं पहुंच सका। पोस्टमार्टम के बाद भी एंबुलेंस या अन्य वाहन की व्यवस्था नहीं हो पाई, जिससे मजबूरन शव को फिर से खाट पर रखकर वापस गांव लाया गया और अंतिम संस्कार किया गया।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव की कड़वी सच्चाई उजागर हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि लकरालता टोला तक सड़क निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन संबंधित विभागों ने अब तक कोई ध्यान नहीं दिया।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। यह मामला सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की विफलता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। प्रशासन ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।