तीन दिन से कुत्ते के सिर में फंसा था प्लास्टिक डिब्बा, RCRS टीम ने देर रात रेस्क्यू कर बचाई जान

कोरबा। जिले के मुड़ापार आवास कॉलोनी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कुत्ते के सिर में प्लास्टिक का डिब्बा तीन-चार दिनों से फंसा हुआ था।

इससे कुत्ता न तो ठीक से खा-पी पा रहा था और न ही चल पा रहा था। वह हेलीपैड और अटल आवास क्षेत्र के आसपास इधर-उधर तेजी से भागता नजर आ रहा था, जिससे लोगों को उसे पकड़ने में काफी मुश्किल हो रही थी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यह असामाजिक तत्वों की करतूत हो सकती है, जिन्होंने खिलाने के बहाने कुत्ते के सिर में डिब्बा फंसा दिया होगा। कुत्ते की यह हालत देखकर क्षेत्रवासियों ने उसे पकड़ने की कई कोशिशें कीं, लेकिन हर बार वह भाग निकलता था।

Reptile Care and Rescuer Society (RCRS) की टीम लगातार कुत्ते पर नजर बनाए हुए थी। मंगलवार देर रात टीम को सफलता मिली, जब कुत्ता मुड़ापार कॉलोनी के पास आराम करते नजर आया।

टीम के सदस्यों अतुल बेला, सोनू शाह और सुमीत ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पीएम आवास के पीछे जंगल में कुत्ते को पकड़ा। इसके बाद बड़े एहतियात से उसके सिर से प्लास्टिक डिब्बा निकाला गया। डिब्बा निकलते ही कुत्ता राहत महसूस करते हुए तेजी से भाग गया।

RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव ने बताया कि पहले भी कई बार कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह हर बार भाग जाता था। टीम ने सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू पूरा किया। इस घटना से प्लास्टिक कचरे के खतरे एक बार फिर उजागर हुए हैं।