कमला नेहरू महाविद्यालय में ’21वीं सदी का सामाजिक परिदृश्य’ पुस्तक का विमोचन, डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बताया ‘गागर में सागर’

कोरबा।कमला नेहरू महाविद्यालय में एमएसडब्ल्यू विभागाध्यक्ष एवं समाजशास्त्र की सहायक प्राध्यापक डॉ. विमला सिंह द्वारा संपादित पुस्तक“21वीं सदी का सामाजिक परिदृश्य” (आईएसबीएन: 978-93-47450-52-5) का विधिवत विमोचन किया गया। यह पुस्तक 21वीं सदी के सामाजिक परिवर्तनों, चुनौतियों एवं समकालीन सामाजिक यथार्थ पर सैद्धांतिक तथा व्यावहारिक चिंतन का सार प्रस्तुत करती है।

विमोचन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने संपादक एवं सभी लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक“गागर में सागर”केसमान समाजशास्त्रीय अनुभवों का निचोड़ है, जो विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा जगत में निरंतर नए ज्ञान की खोज और नवीन विचारों की अभिव्यक्ति आवश्यक है तथा यह पुस्तक उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

पुस्तक में डॉ. विमला सिंह के साथ-साथ शिक्षा संकाय विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुलदीप, सहायक प्राध्यापक डॉ. रश्मि शुक्ला, डॉ. स्वप्निल जायसवाल एवं शिक्षाविद् विकास पाण्डेय द्वारा समकालीन सामाजिक मुद्दों पर सारगर्भित एवं ज्वलंत लेख शामिल किए गए हैं।

संपादक डॉ. विमला सिंह ने बताया कि पुस्तक में सामाजिक चुनौतियों, मानसिक कठिनाइयों और उनके समाधान से जुड़े विषयों पर केंद्रित लेख हैं, जो समाज के सकारात्मक विकास में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. आर.सी. पांडेय, सचिव सुरेंद्र लांबा एवं सहसचिव उमेश लांबा ने भी सभी लेखकों को इस शैक्षणिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।