कोरबा। नए साल के अवसर पर सतरेंगा पर्यटन स्थल में पर्यटकों की संख्या में तेज़ी से इजाफा हुआ है। पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के साथ ही क्षेत्र में अवैध महुआ से निर्मित मादक द्रव्य पदार्थ की उपलब्धता की शिकायतें भी सामने आने लगी थीं। जबकि सतरेंगा में पर्यटन की शुरुआत के बाद संभावित अशांति को देखते हुए ग्रामीणों ने पहले ही गांव में नशाबंदी लागू कर रखी है।
इसके बावजूद कुछ लोग ग्राम के आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में छिपकर अवैध महुआ से निर्मित मादक द्रव्य पदार्थ का निर्माण और बिक्री कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सतरेंगा की महिला समिति ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध महुआ शराब के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया।
महिला समिति की महिलाएं ग्राम के प्रमुखजनों के साथ जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचीं। हाथों में डंडे लिए महिलाओं को देखकर अवैध शराब बनाने में जुटे लोग मौके से फरार हो गए।
इसके बाद महिला समिति ने जंगल में छिपाकर रखी गई भट्टियों और तैयार किए जा रहे अवैध महुआ से निर्मित मादक द्रव्य पदार्थ को खोज-खोजकर नष्ट किया। भट्टी में चढ़ी अवैध शराब को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
महिला समिति का कहना है कि सतरेंगा एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा है और यहां किसी भी तरह की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि नशाबंदी का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अवैध महुआ से निर्मित मादक द्रव्य पदार्थ के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद गांव में शांति व्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















