कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के भाजपा पार्षद दिलीप दास की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पहले सोशल मीडिया पर एक अन्य महिला के साथ उनकी तस्वीर वायरल होने से विवाद हुआ था, अब उनकी पत्नी सुष्मिता दास ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। साथ ही एक अन्य शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में भी दर्ज कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में सुष्मिता दास (पता: क्वा. नं. बी-209, आदर्श नगर, कुसमुंडा) ने बताया कि उनकी शादी दिलीप दास से लगभग 6 वर्ष पहले आर्य समाज मंदिर कोरबा में हुई थी। दंपति का एक 5 वर्षीय पुत्र हनी भी है। शादी के शुरुआती वर्षों में सब ठीक था, लेकिन पिछले दो वर्षों से पति दिलीप दास आये दिन मारपीट, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और दहेज की मांग कर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दिलीप दास का दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध है, विशेष रूप से आदर्श नगर कुसमुंडा की ही एक श्रीमति … अग्रवाल के साथ। इस संबंध की शिकायत उस महिला के पति और सास ने पहले ही कुसमुंडा थाने में कराई है। विरोध करने पर दिलीप दास, उनके माता-पिता और संबंधित महिला मिलकर मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।
सुष्मिता ने बताया कि लगातार प्रताड़ना के कारण दिलीप दास ने उन्हें घर से बेदखल कर दिया है और खाने-पीने व रहने के लिए कोई आर्थिक सहायता नहीं दी जा रही। इससे वह मानसिक और आर्थिक रूप से बेहद परेशान हैं। उन्होंने एसपी से शिकायत दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी के सामान ले जाने की भी शिकायत
इससे अलग, 26 दिसंबर 2025 को सुष्मिता दास ने सिविल लाइन थाना रामपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी गैरमौजूदगी में दिलीप दास ने पथर्रीपारा स्थित उनके मकान से घरेलू सामान ले गए। पड़ोसियों से इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने सामान वापस दिलाने और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पुलिस ने दोनों शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है। पार्षद दिलीप दास की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















