कोरबा।जिले के करतला रेंज में दंतैल हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह उत्पाती दंतैल कई दिनों से सेंद्रीपाली सर्किल में विचरण कर रहा है और ग्रामीणों की बाड़ियों में घुसकर केला, गन्ना और अन्य सब्जियों की फसलों को नष्ट कर रहा है, जिससे क्षेत्रवासी बेहद परेशान हैं।
ताजा जानकारी के अनुसार, विगत रात्रि इस दंतैल ने नवाडीह गांव में फिर से कहर बरपाया। उसने तीन ग्रामीणों की बाड़ियों में प्रवेश कर सब्जी के पौधों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया, जिससे पीड़ित किसानों को भारी नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सुबह मौके पर पहुंची और नुकसानी का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की, जिसे उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
यह दंतैल हाथी पहले कोरबा और कटघोरा क्षेत्र में तीन लोगों की जान ले चुका है। इसके बाद वह करतला रेंज के जंगलों में आ गया और यहां डेरा डाल लिया है। पहले यह तीन दिन बड़मार क्षेत्र में रहा, फिर पीडिया पहुंचा जहां एक दिन रहकर उत्पात मचाया और अब सेंद्रीपाली क्षेत्र में सक्रिय है। क्षेत्र में भरपूर चारा और पानी उपलब्ध होने के साथ अनुकूल माहौल के कारण यह हाथी यहां रुक गया है।
इधर, कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज में भी बड़ी संख्या में दंतैल हाथियों का दल मौजूद है। यह दल दिन में जंगल में विश्राम करता है और शाम को निकलकर आसपास चारा चरने के बाद वापस लौट जाता है।
वन विभाग ग्रामीणों से अपील कर रहा है कि वे सतर्क रहें और रात में बाड़ियों की रखवाली न करें। क्षेत्र में हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसे नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















