कोरबा।पाली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मादन में विकास कार्यों के नाम पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है। फॉरेस्ट काष्टागार से मादन बस्ती तक लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बन रही सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क के निर्माण में गुणवत्ता की खुलेआम अनदेखी किए जाने के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह राशि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की भेंट चढ़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण में सीमेंट, गिट्टी और रेत का अनुपात निर्धारित मानकों के खिलाफ रखा जा रहा है। शासन की मंशा थी कि हाथ से कार्य कराकर ग्रामीण मजदूरों को रोजगार प्रदान किया जाए, लेकिन इसके विपरीत मशीनों से सामग्री तैयार कर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे गरीब ग्रामीणों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
आरोपों की सूची लंबी है। सड़क पर पॉलिथिन शीट बिछाने की बजाय मोटी रेत की परत डालकर सीधे ढलाई की जा रही है। निर्माण के दौरान वाइब्रेटर का उपयोग नहीं किया जा रहा, जिससे सड़क की मजबूती संदिग्ध हो गई है। किनारों पर 8 इंच मोटाई दिखाई जा रही है, जबकि बीच का हिस्सा केवल 3-4 इंच का ही ढाला गया है।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि सड़क निर्माण के साथ ही पाइपलाइन डालने के नाम पर कोर कटिंग की तैयारी शुरू हो गई है, यानी नई सड़क पूरी होने से पहले ही उसे तोड़ने की योजना बनाई जा रही है।
ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर मोटी कमीशन के बदले कार्य एक अनधिकृत ठेकेदार को सौंपने का आरोप लगाया है। न सरपंच और न ही सचिव कभी निर्माण स्थल पर निरीक्षण करने पहुंचे, जिससे ठेकेदार मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है।
इस मामले में ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की शिकायत कलेक्टर से करने का फैसला लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
यह मामला कोरबा जिले में ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की एक और मिसाल पेश कर रहा है, जहां सरकारी योजनाओं की राशि गुणवत्ताहीन निर्माण और कमीशनखोरी में खर्च हो रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















