जिले में हाथियों की दस्तक: कुदमुरा और करतला रेंज में दंतैल सक्रिय, कटघोरा में 53 हाथियों का दल डेरा जमाए

कोरबा जिले में हाथियों का विचरण जारी है। कोरबा वन मंडल की कुदमुरा रेंज में विगत रात दो दंतैल हाथियों ने दस्तक दी है, जबकि करतला रेंज के ग्राम सेंद्रीपाली में एक दंतैल अभी भी घूम रहा है।

हाथियों के आगमन की सूचना मिलते ही वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। विभाग की टीम हाथियों की लगातार निगरानी कर रही है और ग्राम गीतकुंवारी तथा आसपास के क्षेत्रों में मुनादी करवा रही है।

ग्रामीणों को धरमजयगढ़ रेंज की ओर से आ रहे इन दंतैल हाथियों की जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें सलाह दी जा रही है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगल की ओर न जाएं और अपने घरों में ही सुरक्षित रहें।

इधर, कटघोरा वन मंडल में 53 हाथियों का बड़ा दल अभी भी सक्रिय है। यह दल जटगा रेंज में पिछले कई दिनों से डेरा डाले हुए है। क्षेत्र में पर्याप्त चारा और पानी उपलब्ध होने के कारण हाथियों को यहां का वातावरण रास आ गया है और उन्होंने इसे अपना अस्थायी बसेरा बना लिया है।

हाथी दिन भर जंगल में विश्राम करते हैं, शाम को निकलकर चारा चरते हैं और सुबह होने से पहले वापस इसी स्थान पर लौट आते हैं।

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों पर नजर रखे हुए है ताकि मानव-हाथी संघर्ष को रोका जा सके और ग्रामीण सुरक्षित रहें।