फर्जी आरटीओ ई-चालान की फाइल क्लिक कर युवक ठगा गया, खाते से उड़ाए 10 लाख रुपये

रायपुर । राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने एक बार फिर बड़ा शिकार किया है। फर्जी आरटीओ ई-चालान की फाइल भेजकर ठगों ने एक युवक के बैंक खाते से 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।

यह घटना 22 दिसंबर की बताई जा रही है, जबकि ठगी के तीन दिन बाद परिवहन विभाग ने लोगों को सावधान करने के लिए अलर्ट जारी किया।

जानकारी के अनुसार, गंजपराए स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स में पटेल स्विच गियर के संचालक पंकज पटेल (उम्र 35 वर्ष) को 22 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात नंबर से आरटीओ का ई-चालान फाइल भेजा गया। फाइल पर क्लिक करने के साथ ही उनके मोबाइल को हैक कर लिया गया और बैंक अकाउंट से देखते-ही-देखते 10 लाख रुपये गायब हो गए।

पीड़ित पंकज पटेल ने 27 दिसंबर की रात गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा।

पुलिस और आरटीओ विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, फाइल या ऐप पर क्लिक न करें।

ई-चालान की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही चेक करें। साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।