Blog
सेवा सेतु से आसान हुई शासकीय सेवाओं तक पहुंच,तीन दिन में मिला आय प्रमाण पत्र
कोरबा।शासकीय दस्तावेज बनवाने के लिए अब नागरिकों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल के माध्यम से च्वाइस सेंटरों पर आवेदन कर आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त करना आसान हो रहा है। इसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मिलने लगा है। पाली तहसील के ग्राम नांनबांका निवासी पायल नेटी को आवेदन के महज तीन दिन के भीतर आय प्रमाण पत्र मिल गया।
पायल नेटी, पिता भगवान सिंह नेटी ने 30 सितंबर को ग्राम सुतर्रा स्थित अशोक च्वाइस सेंटर के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों के साथ आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। उनका प्रमाण पत्र 3 अक्टूबर को जारी हो गया। कम समय में प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें अनावश्यक भागदौड़ और सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली।
पायल ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालयों में जाना पड़ता था। इसमें आने-जाने का समय और पैसा दोनों खर्च होते थे।
लेकिन सेवा सेतु के माध्यम से च्वाइस सेंटर पर आवेदन करने के बाद उन्हें केवल तीन दिन में प्रमाण पत्र मिल गया। इससे उनके समय और धन दोनों की बचत हुई।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ लेना पहले की तुलना में काफी सरल हो गया है। आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने पर कम समय में प्रमाण पत्र उपलब्ध हो जाने से आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिल रही है। उनके पिता भगवान नेटी ने भी इस पहल को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
पायल नेटी और उनके पिता ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनसुविधा को प्राथमिकता देने वाली ऐसी पहल से आम लोगों की परेशानियां कम हो रही हैं। उन्होंने अपेक्षा जताई कि अधिक से अधिक नागरिक सेवा सेतु के माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
