कोरबा। निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के बाद कोरबा जिले की प्रारंभिक मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस प्रक्रिया में मृत्यु, स्थानांतरण और अन्य कारणों से कुल 1,33,741 मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित किए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का 14.06 प्रतिशत है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप निर्वाचक नामावली की प्रतियां सौंपते हुए बताया कि पुनरीक्षण का उद्देश्य सभी योग्य नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना है। विलोपित नामों में मृत्यु के 30,613, अनुपस्थित पाए गए 15,495, स्थानांतरित 81,355, दोहरी प्रविष्टि के 5,340 तथा अन्य कारणों से 938 प्रकरण शामिल हैं।
वर्तमान में जिले में कुल 9,51,278 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 4,79,417 पुरुष, 4,71,842 महिला और 19 तृतीय लिंग मतदाता हैं। प्रारंभिक सूची के प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक पूरा किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
जिले में चार विधानसभा क्षेत्र हैं – रामपुर, कोरबा, कटघोरा और पाली-तानाखार। युक्तियुक्तकरण के बाद मतदान केंद्रों की संख्या 1081 से बढ़कर 1213 हो गई है।
दावा-आपत्तियों के निराकरण के लिए 4 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 10 सहायक और 26 अतिरिक्त सहायक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















