कोरबा। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अभियंताओं, अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाएं, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें।
आयुक्त ने नगर निगम की टीम के साथ जिला चिकित्सालय परिसर का दौरा किया और जिला खनिज न्यास मद से चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने तथा प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
चिकित्सालय में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बन रहे सर्वसुविधायुक्त वेटिंग हॉल के निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर पूरा करने पर जोर दिया। इसी तरह 41 लाख 13 हजार रुपये की लागत से एसएनसीयू रूम का कार्य भी प्रगति पर है।
परिसर में 28 लाख 36 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित एनआरसी बिल्डिंग के लिए स्थल चिन्हांकन कर निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने और कार्य शुरू करने के आदेश दिए गए। साथ ही स्टाफ आवासगृहों एवं पूरे परिसर में जल निकासी के लिए 1 करोड़ 94 लाख 70 हजार रुपये की लागत से नालियां एवं अन्य व्यवस्थाएं बनाने के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, अश्वनी दास सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















