कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा, जिसे ‘मिनी गोवा’ के नाम से भी जाना जाता है, में क्रिसमस और नववर्ष के अवकाश के दौरान हजारों पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। इस संभावित भारी भीड़ को देखते हुए ग्राम पंचायत सतरेंगा ने पुलिस प्रशासन से विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की मांग की है।
ग्राम पंचायत ने 20 दिसंबर 2025 को जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित आवेदन सौंपकर 25 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक पुलिस बल की तैनाती का आग्रह किया है।
आवेदन में कहा गया है कि हर साल क्रिसमस और नए साल के मौके पर सतरेंगा में पिकनिक और घूमने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव पड़ता है। पार्किंग की अव्यवस्था, भीड़भाड़ और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
आवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की मौजूदगी जरूरी है। खासकर प्रवेश मार्ग, पार्किंग क्षेत्र और भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस तैनाती से पर्यटकों की सुरक्षा तो सुनिश्चित होगी ही, स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी।
इस मांग पत्र पर सरपंच, जनपद पंचायत कोरबा के उपाध्यक्ष सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि समय रहते यदि सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो अव्यवस्था फैल सकती है, जो सतरेंगा जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थल की छवि को प्रभावित करेगा।
हसदेव-बांगो बांध के किनारे बसे इस मनोरम स्थल में पानी के बीच छोटे-छोटे टापू, हरी-भरी वादियां और वॉटर स्पोर्ट्स की सुविधाएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।
प्रशासन से उम्मीद जताई जा रही है कि पंचायत की मांग पर शीघ्र कार्रवाई कर पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















