कोरबा। कोरबा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कारखाना मोहल्ला निवासी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, जनपद सदस्य, ठेकेदार एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अक्षय गर्ग ग्राम केशलपुर में पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण कार्य की साइट पर मौजूद थे। इसी दौरान काले रंग की कार में सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में उनके सिर, गर्दन, हाथ, पेट, पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव आए।
घटना के बाद गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए कटघोरा अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस नृशंस हत्याकांड से कटघोरा सहित पूरे कोरबा जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। अस्पताल परिसर में परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हैं। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात पर नजर रखी जा रही है।
जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्यारों की तलाश के लिए नाकेबंदी व जांच तेज कर दी गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















