धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: कलेक्टर कुणाल दुदावत

कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले में संचालित धान खरीदी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों की प्रगति, व्यवस्थाओं, चुनौतियों तथा उनके समाधान बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर शेष सभी पंजीकृत किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लघु एवं छोटे किसानों से प्राथमिकता के आधार पर धान खरीदी की जाए, जबकि मध्यम व बड़े किसानों से चरणबद्ध रूप से खरीदी कर भीड़ एवं अव्यवस्था से बचा जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसे पूर्णतः पारदर्शी, सुचारू एवं किसान-हितैषी तरीके से संचालित किया जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई, पीने का स्वच्छ पानी, शौचालय एवं छायादार बैठने की व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

किसानों को जागरूक करने हेतु सभी उपार्जन केंद्रों में बैनर, पोस्टर एवं सूचना पटल स्पष्ट रूप से लगाने, टोकन व्यवस्था को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सुचारू रखने तथा किसी भी किसान को टोकन प्राप्त करने में परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों के आसपास स्व-सहायता समूहों को स्टॉल लगाने के लिए सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को भोजन, चाय-पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं परिसर में ही मिल सकें। उन्होंने समितियों में हमालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में धान उठाव या भंडारण का कार्य किसानों से नहीं कराया जाए।

धान की नमी जांच के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों एवं यंत्रों के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ नमी परीक्षण किया जाए। साथ ही समितियों में माइक्रो एटीएम के अधिकतम उपयोग पर बल दिया, ताकि किसानों को बैंक जाने की आवश्यकता न पड़े।

अतिसंवेदनशील उपार्जन केंद्रों पर सतत मॉनिटरिंग, सुरक्षित स्टेकिंग व्यवस्था तथा बिचौलियों व अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में आगामी 15 दिनों की धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, भौतिक सत्यापन, यूएफआर समय पर अपडेट करने तथा स्टॉक मिसमैच से बचने के निर्देश दिए गए। साथ ही एग्रीटेक पोर्टल में खसरा अपडेट का कार्य आगामी 10 दिनों में पूर्ण कराने को कहा गया।

बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल,ज्वाइंट कलेक्टर ओंकार यादव,डीएमओ ऋतुराज देवांगन,खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर सहित कृषि एवं खाद्य विभाग के अधिकारी, समिति प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।